निगमायुक्त ने अतिरिक्त आयुक्त के साथ विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान के तहत नगर निगम की ओर से चलाए जा रहे अभियान के तहत आयुक्त प्रदीप दहिया ने अतिरिक्त आयुक्त रविन्द्र यादव के साथ विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। नगर निगम की टीम रोजाना अलग-अलग वार्डों का दौरा कर सफाई व्यवस्था का जायजा ले रही है। इस दौरान पार्षदों, आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों और नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनने के साथ-साथ शहर को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी प्राप्त किए जा रहे हैं। निगमायुक्त ने नागरिकों से 7 सितंबर को आयोजित होने वाले मेगा स्वच्छता अभियान में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील भी की है।
बृहस्पतिवार को निगमायुक्त ने सेक्टर-43 स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल, गुरुग्राम विश्वविद्यालय तथा सेक्टर-14 स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस पार्क का दौरा किया। इस दौरान निगमायुक्त ने क्षेत्र में संचालित नर्सरी का निरीक्षण किया, जहां नगर निगम द्वारा बागवानी कचरे का निस्तारण किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके उपरांत निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने पार्षद अनूप सिंह, अधिकारियों व आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों के साथ नेताजी सुभाष चंद्र बोस पार्क का पैदल चलकर निरीक्षण किया। उन्होंने यहां वेस्ट-टू-आर्ट परियोजना के तहत बनाए गए आकर्षक ढांचों को देखा
बच्चों को स्वच्छता का महत्व बताया
स्वच्छता जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ब्रांड एंबेसडर कुलदीप हिन्दुस्तानी और आईईसी विशेषज्ञ प्रियंका यादव ने राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल, सेक्टर-43 में विद्यार्थियों के साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर बच्चों को स्वच्छता के महत्व के बारे में समझाया गया।