ओडिशा की संस्कृति पर आधारित होगी दुर्गा पूजा, कलिंगा कल्चरल एसोसिएशन पूजा की फाइल फोटो
बॉलीवुड- टॉलीवुड के अभिनेता पंडालों में देंगे प्रस्तुति
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शहर में बंगाली, बिहारी, असमी और ओडिशा के निवासी दुर्गा पूजा की तैयारियों में जुटे हैं। संयुक्त पूजा कमेटी के 39 पंडाल के साथ कई अन्य समुदाय भी दुर्गा पूजा पंडाल लगा रहे हैं। इनमें ओडिशा की कलिंगा कल्चरल एंड वेलफेयर एसोसिएशन का पंडाल भी शामिल है। यह कमेटी की 21वीं दुर्गा पूजा है, जो सेक्टर-4 के सामुदायिक भवन में आयोजित होगी। कलिंगा सोसाइटी से जुड़े पीके रथ ने बताया कि इस बार दुर्गा पूजा पंडाल में कई बॉलीवुड कलाकार और ओडिशी नृत्यांगनाओं के कार्यक्रम होंगे। इनमें एक्टर बॉबी धवन, पुनीत इस्सर, अंतरराष्ट्रीय ओडिशी डांसर गीतांजलि आचार्या और लिप्सा सत्पथी शामिल हैं। बॉलीवुड अभिनेता कमलेश सावंत और टॉलीवुड अभिनेत्री अप्सरा रानी भी अपनी प्रस्तुति देंगी। आध्यात्मिक वक्ता प्रशांत मुकुंद प्रभुजी का प्रवचन भी होगा
पांच दिन होंगे कार्यक्रम
पंडाल में 17 से 21 अक्तूबर तक विभिन्न कार्यक्रम होंगे। 17 अक्तूबर को बेलबरन, कलश यात्रा, मूर्ति स्थापना और डांडिया नाइट का आयोजन होगा। 18 अक्तूबर को सप्तमी पूजा, चक्षु दान, नव पत्रिका पूजा और प्रशांत मुकुंद प्रभुजी का प्रवचन होगा। 19 अक्तूबर को अष्टमी पूजा, संधि पूजा के साथ ओडिशा की लोक संस्कृति पर आधारित नृत्य-संगीत कार्यक्रम होंगे। 20 अक्तूबर को कन्या पूजा, महा हवन और सांस्कृतिक लोक व शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे। 21 अक्तूबर को दशमी पूजा, विसर्जन और म्यूजिकल नाइट का आयोजन होगा।