सांस लेने में दिक्कत, खांसी, गले में जलन की शिकायत लेकर पहुंच रहे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शहर की लगातार बिगड़ती हवा लोगों की सेहत पर बुरा असर डाल रही है। नागरिक अस्पताल में सांस की बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या में बीते दिनों के मुकाबले तीन गुना तक इजाफा हुआ है। चिकित्सकों के मुताबिक सुबह और शाम के समय मौसम में हो रहे बदलाव के साथ-साथ हवा में बढ़ते प्रदूषण ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अस्पताल में बड़ी संख्या में लोग सांस लेने में दिक्कत, खांसी, गले में जलन और सीने में भारीपन जैसी शिकायतों के साथ अस्पताल पहुंच रहे हैं।
मरीजों में सबसे ज्यादा बुजुर्ग, बच्चे और पहले से अस्थमा से ग्रसित लोग शामिल हैं। कई मरीजों को नेबुलाइजर और इनहेलर के जरिए इलाज देकर राहत दी जा रही है। डॉक्टरों का कहना है कि लगातार बढ़ रहे एयर क्वालिटी इंडेक्स ने हालात को चिंताजनक बना दिया है। पिछले एक हफ्ते से शहर का एक्यूआई लगातार 200 के पार बना हुआ है, जो स्वास्थ्य के लिहाज से खराब श्रेणी में आता है।
00
सुबह-शाम बाहर निकलने से बचें, मास्क का इस्तेमाल करें, घरों में एयर प्यूरीफायर रखें और गुनगुना पानी पीते रहें। बढ़ते प्रदूषण के मद्देनजर आने वाले दिनों में अस्पतालों पर मरीजों की संख्या ओर बढ़ सकती है।
- डॉ. नवीन, सीनियर हेल्थ ऑफिसर, नागरिक अस्पताल