रिदम ने रैंकिंग इवेंट और ओलंपिक राउंड दोनों में कांस्य, जानकी हासिल किया चौथा स्थान
संवाद न्यूज एजेंसी
पटौदी।
हरिद्वार में हाल ही में आयोजित ओपन नेशनल तिरंदाजी चैंपियनशिप में पटौदी की बीएस तीरंदाजी अकादमी की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है। वेस्ट अकादमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पटौदी में अभ्यास करने वाली तीसरी कक्षा की छात्रा रिदम यादव (अंडर-10) ने इस प्रतियोगिता में दो कांस्य पदक जीतकर सफलता हासिल की। रिदम ने रैंकिंग इवेंट और ओलंपिक राउंड दोनों में कांस्य पदक प्राप्त किए। वहीं, जानकी (अंडर-10) ने इंडियन राउंड के रैंकिंग और ओलंपिक राउंड में चौथा स्थान प्राप्त कर अपने खेल कौशल का परिचय दिया।
यह प्रतियोगिता 19 जून से 22 जून तक अचीवर्स पब्लिक स्कूल, हरिद्वार में आरजेके फाउंडेशन और हरिद्वार तीरंदाजी एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न राज्यों से लगभग 700 प्रतिभागियों ने भाग लिया। बीएस तीरंदाजी अकादमी के प्रशिक्षक दीनदयाल रेवाड़िया ने बताया कि दोनों छात्राओं ने निरंतर अभ्यास और कड़ी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया। इस अवसर पर अकादमी के कोच रेवाड़िया और स्कूल के प्राचार्य बिजेंद्र यादव ने छात्राओं को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।