राष्ट्रीय ग्रेपलिंग कुश्ती प्रतियोगिता में जीते एक स्वर्ण समेत चार पदक
नंबर गेम - 15 राज्यों के खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
पटौदी। हरिद्वार में आयोजित राष्ट्रीय ग्रेपलिंग कुश्ती प्रतियोगिता में पटौदी के खिलाड़ियों ने तहलका मचा दिया। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में देश के करीब 15 राज्यों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
पटौदी खंड के गांव खोड़ स्थित जीत अखाड़े के प्रशिक्षक जीत ठाकरान ने बताया कि 21 से 23 अगस्त तक उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित वंदना कटारिया स्पोर्ट्स स्टेडियम, रोशनाबाद में भारतीय कुश्ती संघ के तत्वावधान में राष्ट्रीय ग्रेपलिंग कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें हरियाणा की ओर से गुरुग्राम जिले के खिलाड़ियों ने भी प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता के अंडर-13 आयु वर्ग के 34 किलोग्राम भार वर्ग में पटौदी निवासी प्रमित कुमार ने स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं, अंडर-11 आयु वर्ग के 24 किलोग्राम भार वर्ग में पटौदी निवासी वंश ने रजत पदक जीता। अंडर-15 आयु वर्ग में गांव डाडावास निवासी देवेंद्र ने कांस्य पदक अपने नाम किया। इसके अलावा अंडर-13 आयु वर्ग में गांव नानूकलां निवासी मयंक ने कांस्य पदक हासिल किया।
प्रशिक्षक जीत ठाकरान ने बताया कि चारों पदक विजेता खिलाड़ी जीत अखाड़े में नियमित रूप से अभ्यास करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि मेहनत और निरंतर अभ्यास के बल पर ये खिलाड़ी भविष्य में प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकते हैं।