गुरुग्राम। कोरोना के चलते लंबे समय से बंद राहगीरी की गुरुग्राम में एक बार फिर शनिवार से शुरुआत हो गई। लोगों ने जुंबा, योग, एयरोबिक्स, क्रॉस फिट, साइकलिंग, स्ट्रीट गेम्स जैसे क्रिकेट, बैडमिंटन, सांप-सीढ़ी, स्केटिंग आदि में शामिल होकर आनंद उठाया। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त विनय प्रताप सिंह ने लोगों से पर्यावरण को बचाने के लिए प्लास्टिक बैग के इस्तेमाल को बंद करने का आह्वान किया। वहीं उन्होंने बताया कि हुडा सिटी सेंटर से सुभाष चौक तक नेताजी सुभाष मार्ग के दोनों तरफ एक समर्पित साइकिल ट्रैक शुरू किया गया है। इसी कड़ी को और आगे बढ़ाते हुए नवंबर माह में एक और 25 किलोमीटर लंबा साइकिल ट्रैक तैयार किया जाएगा।
नेताजी सुभाष मार्ग स्थित डेडीकेटिड साइकिल ट्रैक पर गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण, नगर निगम गुरुग्राम तथा राहगीरी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुए राहगीरी कार्यक्रम में लोगों ने ‘अपनी राहें-अपनी आजादी’ के तहत विभिन्न प्रकार की खेलकूद गतिविधियां कीं।
निगमायुक्त विनय प्रताप सिंह ने कहा कि भारत सरकार के आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय की पहल ‘स्ट्रीट फॉर पीपल चैंलेंज’ तथा ‘इंडिया साइकिल्स फॉर चेंज चैलेंज’ में गुरुग्राम भागीदारी कर रहा है। इसके तहत नागरिकों को अपने शहर की सड़कों पर चलने, साइकिल चलाने और सामाजिक रूप से अपनी सड़कों का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। नगर निगम की अतिरिक्त आयुक्त जसप्रीत कौर ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया तथा गीला व सूखा और घरेलू हानिकारक कचरे को अलग-अलग करने के प्रति प्रेरित किया।
राहगीरी कार्यक्रम में लोगों ने जुंबा, योग, एयरोबिक्स, क्रॉस फिट, साइकलिंग, स्ट्रीट गेम्स जैसे क्रिकेट, बैडमिंटन, सांप-सीढ़ी, स्केटिंग आदि में हिस्सा लिया। इसके साथ ही ‘एक आवाज’ संस्था के बच्चों ने तनाव पर आधारित स्ट्रीट प्ले में लोगों को तनाव से दूर रहने का संदेश दिया। राहगिरी डे में लोगों ने स्वास्थ्य जांच का भी लाभ उठाया।