- नए बस अड्डा तक जाने के लिए एक किलोमीटर पैदल चलना पड़ रहा यात्रियों को
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। साइबर सिटी से वाया नजफगढ़ होते हुए रोहतक, हिसार, जींद रूट पर जाने वाली कई रोडवेज बसों के चालक यात्रियों को बहादुरगढ़ बाईपास पर उतार रहे हैं। इससे यात्रियों को नए बस अड्डा तक जाने के लिए करीब एक किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। वहां बाईपास से बस अड्डा के कोई ऑटो नहीं मिलता है। ऐसे में बुजुर्ग यात्री होने या फिर भारी बैग साथ होने के कारण परेशानी होती है।
हिसार, जींद, रोहतक, फतेहाबाद सहित अन्य कई डिपो की रोडवेज बसें बहादुरगढ़ के बस अड्डा व नजफगढ़ होते हुए गुरुग्राम पहुंचती हैं। कई यात्रियों की शिकायत सामने आई है कि इन बसों के चालक-परिचालक पहले ही बता देते हैं कि बस बहादुरगढ़ के बस अड्डा पर नहीं जाएगी और यात्रियों को बाईपास पर ही उतरना होगा। ऐसे में कई यात्री उक्त बस में नहीं बैठते। वहीं, जो यात्री बस में बैठते हैं, उनको मजबूरन बाईपास पर उतरकर बहादुरगढ़ के नए बस अड्डा तक जाना पड़ता है।
वर्जन
इस तरह का मामला उनके संज्ञान में आया है। कोई शिकायत मिलती है तो डिपो के उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा, ताकि बसों के चालक-परिचालक यात्रियों को बाईपास न उतारकर बहादुरगढ़ डिपो के अंदर रोडवेज बसें लेकर जाएं।
- रामखिलाड़ी, ड्यूटी निरीक्षक, गुरुग्राम बस डिपो