बादशाहपुर। पार्टनर पर फर्जी हस्ताक्षर करने के बाद प्लॉट अपने नाम कराने का मामला सामने आया है। प्लॉट की कीमत करीब चार करोड़ रुपये बताई जा रही है । डीसीपी को शिकायत देने के बाद सेक्टर -65 थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, गाजियाबाद निवासी विनोद शंकर ने बताया कि उसने सविंद्र सिंह राणा के साथ मिलकर सेक्टर- 67 में अंसल में एक प्लॉट लिया था। पीड़ित ने बताया कि प्लॉट करीब 375 गज का है। इसे लेकर दोनों सहयोगी के बीच एक समझौता हुआ था। उस समय प्लॉट की कीमत करीब 50 लाख रुपये थी। पीड़ित ने बताया कि उसकी आधी कीमत करीब 25 लाख रुपये का भुगतान चेक से किया गया था। बिल्डर कंपनी ने दिसंबर 2015 में यह प्लॉट दे दिया था। जिसके बाद उसकी सविन्द्र से प्लॉट में दोनों के नाम को लेकर बात होती रही। पीड़ित का कहना है कि सविंद्र कहता रहा कि प्लॉट में दोनों के नाम के लिए कंपनी से बातचीत कर रहा हूं। बाद में उसने फोन उठाना बंद कर दिया। जब वह पूरी जानकारी के लिए अंसल के कार्यालय गया तो वहां जाकर पता चला कि प्लॉट तो सविंद्र के नाम पर है। उसमें उसका नाम नहीं है। पीड़ित ने बताया कि जब इसके बारे में उनसे पूछा गया तो उन्होंने बताया कि 2015 में सविंद्र ने एक शपथ पत्र जमा किया था, जिस पर उसके फर्जी हस्ताक्षर हैं। पीड़ित का कहना है उसने ऐसा कोई भी कागजात साइन नहीं किया है। जिसके बाद पीड़ित ने अपनी शिकायत पुलिस को दी। इस समय इस प्लॉट की कीमत चार करोड़ के करीब है।