बादशाहपुर। सेक्टर-56 मार्केट परिसर में पार्किंग का निर्माण कार्य शुरू होने से लोगों को काफी राहत है। वहीं, मार्केट में दुकानों के आगे लगे अतिक्रमण से लोग अब भी परेशान हैं। हालत यह हैं कि मार्केट में आने वाले लोगों और राहगीरों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है। जो कॉरिडोर आम जनता के पैदल चलने के लिए बनाए गए थे उन पर दुकानदारों ने पूरी तरह से कब्जा कर लिया है। मार्केट में आए प्रदीप व तुषार ने बताया मार्केट का रास्ता हर जगह से ब्लॉक रहता है। खाने-पीने की दुकानों और रेस्टोरेंट वालों ने बाहर तक अपने काउंटर लगा लिए हैं और टेबल-कुर्सियां डालकर पूरी जगह घेर ली है। इसके अलावा बर्तन और इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान वाले भी अपना भारी सामान बाहर ही सजाकर रखते हैं। लोगों का कहना है कि फिलहाल मार्केट में पार्किंग परिसर का निर्माण कार्य जारी है जो कि एक सराहनीय कदम है लेकिन इसके साथ ही नगर निगम को यहां एक विशेष अभियान चलाकर इस भारी अतिक्रमण को भी हटाना चाहिए। संवाद