फ्लैट खरीदने के नाम पर पंचकूला के व्यक्ति से ठगे 94 लाख
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर 50 थाना क्षेत्र में सोहना रोड स्थित साउथ सिटी दो में निर्माणाधीन भवन की तीसरी मंजिल पर एक फ्लैट खरीदने के नाम पर 94 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पंचकूला के सेक्टर दस में रहने वाले व्यक्ति से आरोपियों ने करार के बाद दो चेक के माध्यम से इस राशि का भुगतान लिया। अब उसे फ्लैट देने मना कर दिया है। मामले की जांच के बाद सेक्टर 50 थाना पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार पंचकूला के सेक्टर दस में रहने वाले विनय कुमार वोहरा ने पुलिस आयुक्त को दी शिकायत में कहा कि उसने दिल्ली की उत्तम नगर स्थित जमीन की खरीद-बिक्री की फर्म के माध्यम से सोहना रोड स्थित साउथ सिटी दो निर्माणाधीन भवन में फ्लैट खरीदने को लेकर एक करार किया था। फर्म के पार्टनर उत्तम नगर निवासी तरुण बंसल और डीएलएफ चार गुरुग्राम निवासी नवीन गर्ग से फरवरी 2023 में फ्लैट खरीदने को लेकर समझौता किया था। विनय ने टोकन राशी के रूप में 94 लाख रुपये चेक के माध्यम से दे दिए और एक महीने के भीतर फ्लैट देने की बात तय हुई थी।
मार्च के अंत तक भी जब उन्हें फ्लैट के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई तो वह खुद गुरुग्राम आए और साउथ सिटी दो स्थित बिल्डिंग के पास गए देखा तो वहां पर कोई काम नहीं चल रहा था। वहां पर उसे एक अन्य आदमी मिला जिसने तीसरी मंजिल का मालिक खुद को बताते हुए मोबाइल में अपना करार पत्र दिखाया। इसके बाद वह तरुण बंसल और नवीन गर्ग के घर गए तो वहां ताला लगा मिला। उन्होंने तरुण को फोन कर इसकी शिकायत की। जिस पर आरोपियों ने उसे फ्लैट न देने की बता कही। पुलिस की जांच में चेक द्वारा दोनों के खाते में पैसे गए हुए है और करार के बाद उससे मुकरने की बात सामने आई है। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।