संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। उपमंडल के गांव रूपडाका स्थित कामरेड इस्लामुद्दीन मेमोरियल लाइब्रेरी में रविवार को रूपडाका, मालपुरी व चिल्ली गांवों के प्रतिष्ठित नागरिकों की संयुक्त पंचायत आयोजित की गई। पंचायत की अध्यक्षता मौलाना अनवार ने की। पंचायत में मौजूद लोगों ने चिंता जताई कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों का सेवन लगातार बढ़ रहा है, जिससे युवा पीढ़ी का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। मौलाना अनवार ने कहा कि इस्लाम में नशा हराम है, साथ ही यह स्वास्थ्य के लिए भी बेहद घातक है। शहीदी दिवस कमेटी के प्रधान एडवोकेट शेर मोहम्मद ने मुहिम में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया। पंचायत में आजाद खान, हमीदा ठेकेदार, सिराजुद्दीन, मास्टर इकबाल, शेर सिंह, जान मोहम्मद, चौधरी रफीक, डॉक्टर नूर, याकूब कुरैशी सहित अन्य ग्रामीणों ने भी अपने विचार रखे। पंचायत में निर्णय लिया गया कि 7 अगस्त को एक बड़ी महापंचायत का आयोजन किया जाएगा।