पालम विहार पर 5.25 करोड़ रुपये पेयजल बिल बकाया, जीएमडीए ने दिया 15 दिन का नोटिस
- 2.50 करोड़ एचएसवीपी तथा 2.75 करोड़ रुपये जीएमडीए का है बकाया
गुरुग्राम। पालम विहार के 9 हजार परिवारों पर पेयजल संकट गहरा सकता है। रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) ने पेयजल के बकाए बिल का भुगतान नहीं किया। इसको लेकर गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने 15 दिन का नोटिस जारी किया है। आरडब्ल्यूए विवाद के कारण यहां एडहोक कमेटी द्वारा देखरेख का कार्य किया जा रहा है। जिस पर जिला उपायुक्त ने बृहस्पतिवार को कमेटी के प्रशासक एसडीएम जितेंद्र को आरडब्ल्यूए के खाते से बिल भुगतान का निर्देश भी दिया है। कमेटी अब आरडब्ल्यूए के अकाउंट की जांच भी कर रही है।
पालम विहार के करीब 9 हजार परिवारों को पहले हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की तरफ से पेयजल आपूर्ति की जाती थी। जीएमडीए के गठन के बाद पेयजल आपूर्ति को 1 अक्तूबर 2018 से जीएमडीए के अंतर्गत कर दिया गया। पेयजल की आपूर्ति की ऐवज में अन्य सोसाइटियों की तरह जीएमडीए द्वारा पालम विहार आरडब्ल्यूए को भी बिल भेजा गया, लेकिन आरडब्ल्यूए ने बिल का भुगतान नहीं किया।
अधिकारियों ने बताया कि पालम विहार आरडब्ल्यूए में विवाद के कारण पेयजल बिल का भुगतान नहीं किया गया। विवाद के बाद आरडब्ल्यूए को भंग करके एडहोक कमेटी गठित कर यहां व्यवस्थापक को लगा दिया गया। व्यवस्थापक के पद पर एसडीएम (उत्तरी) को लगाया गया है। जीएमडीए ने एडहोक कमेटी को भी बकाया बिल का नोटिस भेजकर बिल भुगतान करने को कहा।
जीएमडीए ने 15 दिन में बिल भुगतान न करने पर क्षेत्र का पेयजल कनेक्शन काटने का नोटिस दिया है। बृहस्पतिवार को मामले में जीएमडीए के अधिकारियों व जिला उपायुक्त अमित खत्री व एसडीएम (उत्तरी) की बैठक भी हुई। इसमें एसडीएम को जिला उपायुक्त ने निर्देश दिए कि वह आरडब्ल्यूए के खातों की जांच कर पेयजल बिल का भुगतान करें।
अधिकारियों के मुताबिक, पालम विहार पर करीब 5.25 करोड़ रुपये का पेयजल बिल बकाया है। इसमें जीएमडीए ने केवल 1 अक्तूबर 2018 से अब तक का करीब 2.75 करोड़ रुपये का बकाए बिल का नोटिस भेजा है। जबकि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण का 2.50 करोड़ रुपये पहले से ही बकाया चला आ रहा है। इस 2.50 करोड़ रुपये वसूलने का नोटिस नहीं भेजा गया है।
बयान
एसडीएम को पालम विहार के लिए व्यवस्थापक लगाया हुआ है। उन्हें आरडब्ल्यूए के खातों की जांच कर जीएमडीए के पेयजल बिल का भुगतान करने के निर्देश दिए गए हैं।
- अमित खत्री, जिला उपायुक्त, गुरुग्राम