जीएमडीए की ओर से अधिकृत एनजीओ एफ ब्लॉक में घेराबंदी करने पहुंचा था
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। पालम विहार के एफ ब्लॉक में नाले पर बनी सड़क पर साइकिल ट्रैक, वाॅकिंग ट्रैक आदि बनाया जा रहा है। रविवार को जीएमडीए की ओर से अधिकृत एनजीओ जब घेराबंदी करने पहुंचा तो लोगों ने इसका विरोध किया। विरोध इतना बढ़ गया कि पुलिस को बुलाना पड़ा। पुलिस ने आकर दाेनों पक्षों को समझाया। पालम विहार के लोग एफ ब्लाॅक में पेड़ पौधों वाले क्षेत्र में नाले पर साइकिल ट्रैक, वॉकिंग ट्रैक और मनोरंजन स्थल बनाने का विरोध कर रहे हैं। स्थानीय निवासी शोभित गुप्ता ने कहा कि सुबह घर के पीछे के गेट पर बाड़ लगाकर घेर दिया गया। नाले के साथ करीब एक किमी में यहां प्लॉटेड घरों के पीछे के हिस्से में ट्रैक बनाया जा रहा है। जबकि यह इस इलाके का हरित क्षेत्र है। ट्रैक बनाने के क्रम में पेड़ पौधे नष्ट किए जाएंगे, जो पर्यावरण के नियमों को उल्लंघन है।
वहीं, एफ ब्लॉक निवासी मेजर जनरल बीके पांडे, आरडब्ल्यूए महासचिव डीडी माहेश्वरी ने बताया कि इस जगह को सार्वजनिक स्थल बनाए जाने से लोगों की सुरक्षा को खतरा है। 29 दिसंबर को ई-ब्लॉक के मकान संख्या 2434 में दोपहर 2 बजे से 6 बजे के बीच चोरों ने ग्रिल और शीशा तोड़कर एक घर में सेफ तोड़कर चोरी कर ली। पूर्व आरडब्ल्यूए अध्यक्ष मेजर जनरल बीके पांडे, आरडब्ल्यूए उपाध्यक्ष ब्रिगेडियर सुखबीर समेत इलाके के अन्य लोगों ने जीएमडीए से नाले के पर ट्रैक बनवाने का काम बंद करने की मांग की है।