गुरुग्राम। पैकर्स एंड मूवर्स कंपनी के वाहन से 20 लाख रुपये का सामान चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर बिलासपुर थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
प्रवीण कुमार अग्रवाल ने पुुलिस को लिखित शिकायत में बताया कि वह एक पैकर्स एंड मूवर्स कंपनी में एचआर एडमिन के तौर पर कार्यरत हैं। 15 जनवरी को उनकी कंपनी का एक कर्मचारी इंदौर से सामान लेकर बिनौला स्थित एक कंपनी में पहुंचा था। रात होने के कारण कंपनी में सामान डिलीवर नहीं हो सका और वाहन को कंपनी के बाहर ही खड़ा कर सो गया।
उन्होंने बताया कि रात करीब 2 बजे वाहन को हिलता देख चालक की नींद खुली। चालक जब तक बदमाशों के पास पहुंचा वह अपना वाहन लेकर भाग गए। बाद में चालक ने जब अपने वाहन की जांच की तो पता चला कि सील टूटी हुई थी। बारीकी से जांच करने पर तमाम सामान गायब था। पीड़ित के मुताबिक, चोरी किए गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये है। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।