संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शहर में गैस संकट लगातार गहराता जा रहा है और हालात सुधरने के बजाय और बिगड़ते नजर आ रहे हैं। गैस सिलिंडर की कमी के कारण आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच नए गैस कनेक्शन के लिए आवेदनों में अचानक तेज वृद्धि दर्ज की जा रही है।
18 मार्च से अब तक 50,000 से अधिक लोगों ने नए कनेक्शन के लिए आवेदन किया है, जबकि सामान्य दिनों में यह संख्या केवल 2200 से 2500 के बीच रहती थी। वहीं गैस किल्लत के बाद से रोजाना 600 से 700 नए कनेक्शन के लिए आवेदन आ रहे हैं। जिले में कुल 58 गैस एजेंसियां संचालित हैं, लेकिन प्रत्येक एजेंसी पर 1500 से 2000 तक नए गैस कनेक्शन लंबित पड़े हैं। बढ़ती मांग और सीमित आपूर्ति को देखते हुए प्रशासन ने फिलहाल नए गैस कनेक्शन जारी करने पर रोक लगाई हुई है।
इससे नए आवेदकों में निराशा बढ़ रही है और कई लोग अपनी शिकायतें सोशल मीडिया पर भी दर्ज करा रहे हैं। स्थिति को देखते हुए कुछ एजेंसियों ने पांच किलो वाले छोटे एलपीजी सिलिंडर की सुविधा भी शुरू की थी। हाल ही में एफटीएल सिलिंडर के दामों में 261 रुपये की बढ़ोतरी के बाद उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है। अब एफटीएल सिलिंडर लगभग 800 रुपये में मिल रहा है, जिससे खासकर प्रवासी उपभोक्ता प्रभावित हो रहे हैं।
जिले में नए गैस कनेक्शन जारी करने को लेकर मंत्रालय से लगातार बातचीत की जा रही है। संबंधित विभाग की ओर से पोर्टल को जल्द से जल्द फिर से शुरू करने के लिए पत्र भी भेजा गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही कनेक्शन प्रक्रिया सुचारू रूप से शुरू हो जाएगी।
- केके गोयल, जिला खाद्य व आपूर्ति अधिकारी