द्वारका एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, एक कार को घसीटते हुए हाईवे किनारे गड्ढे में गिरा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। द्वारका एक्सप्रेसवे पर बृहस्पतिवार देर रात को तेज रफ्तार अनियंत्रित लोडिंग ट्रॉले ने तीन कारों में टक्कर मार दी। दुर्घटना में कई लोग घायल हुए हैं। इनमें दो की हालत गंभीर है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े दस बजे एवीएल-36 सोसाइटी के सामने हुआ। ट्रॉले के चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया और एक के बाद एक तीन कारें इसकी चपेट में आ गईं।
वहीं ट्रॉला एक कार को घसीटते हुए हाईवे किनारे बने गहरे गड्ढे में जा गिरा। राहगीरों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को नजदीकी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने का काम शुरू किया गया। हाईवे किनारे गड्ढे में फंसी कार और ट्रॉले को निकालने के लिए भारी क्रेन मंगवाई गई। क्रेन की सहायता से सभी वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य किया जा सका।
ट्राले की चपेट में आई तीन कारों में दो कमर्शियल टैक्सी और एक पर्सनल गाड़ी थी। रात का समय होने के कारण वाहनों की गति सामान्य से अधिक थी, जिससे चालकों को संभलने का मौका नहीं मिला। फिलहाल पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ट्रॉला चालक की तलाश कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
एसीपी सिटी नवीन कौशिक ने बताया कि घटना की जानकारी के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल भेजवाने के साथ जाम को हटाया गया।