जनता दरबार के दूसरे गांव ढाणा में अधिकारियों ने सुनी लोगों की समस्याएं
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। मानेसर की मेयर डाॅ. इंद्रजीत कौर यादव की ओर से आयोजित जनता दरबार के दूसरे दिन बुधवार को गांव ढाणा में नगर निगम के अधिकारी पहुंचे। गांव में पहुंचकर अधिकारियों ने ग्रामीणों से उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें दुरूस्त करने की दिशा में काम करने का आश्वासन दिया।
इस दौरान मेयर ने कहा कि क्षेत्र की जनता ने उन्हें वोट के रूप में जो ताकत दी है, उसका फल अब आम लोगों को मिलने लगा है। गांव में पहुंचकर इस प्रकार कार्यक्रम आयोजित करने का उनका केवल एकमात्र उद्देश्य है कि ग्रामीणों के सुझावों से ही उनके गांव में विकास के कार्यों को किया जाए। ग्रामीणों ने उन्हें गांव की समस्याओं से अवगत करवाते हुए कहा कि हरिजन बस्ती में गली का निर्माण करवाया जाए। शहीद पार्क में शौचालय बनाने, चौपाल का जीर्णोद्धार कराने को कहा। गांव में स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएं। गांव में रात में सफाई की जाए व दो नये ट्यूबवेल लगाए जाएं। मेयर ने इन सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। मेयर ने कहा कि गांव में 5 एमएलडी की पानी की सप्लाई के लिए एस्टीमेट तैयार किया जा चुका है। इस दौरान मेयर ने अधिकारियों को अवैध रूप से खुले में कूड़ा डालने वालों पर भी सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान उनके साथ उप-निगम आयुक्त अपूर्व चौधरी, एक्सईएन सुशील ठाकरान सहित अन्य निगम अधिकारी और गांव के लोग मौजूद रहे।