मानेसर। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात अर्नब के असर से गुरुग्राम और मानेसर का मौसम पूरी तरह बदल गया है। बृहस्पतिवार सुबह क्षेत्र के कई हिस्सों में हुई हल्की बारिश ने लोगों को पिछले कई दिनों से परेशान कर रही उमस और तेज धूप से बड़ी राहत दी। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे जिले में गुलाबी ठंड का अहसास शुरू हो गया है। बृहस्पतिवार को शहर का अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए गुरुग्राम और आसपास के इलाकों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान भारी बारिश के साथ गरज-चमक, ओलावृष्टि और तेज रफ्तार हवाएं चलने की आशंका है। मौसम में आए इस अचानक बदलाव को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को घरों से बाहर निकलते समय सावधानी बरतने की सलाह दी है। जानकारों के मुताबिक, इस बदलाव से आने वाले दिनों में ठंड और तेजी से बढ़ेगी।