महापंचायत में सर्वसम्मति से फैसला हुआ था कि नहीं होने दिया जाएगा निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
बादशाहपुर। टीकली गांव में धर्म स्थल के निर्माण को लेकर शुक्रवार को हुई महापंचायत के बाद पंचायत समिति ने सोमवार को जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा है। शुक्रवार को हुई महापंचायत में सर्वसम्मति से फैसला हुआ था कि चर्च का निर्माण नहीं होने दिया जाएगा। इसके लिए 52 सदस्यीय एक विशेष समिति का गठन किया गया था। समिति का मुख्य उद्देश्य धार्मिक स्थल का निर्माण रोकना है।
सोमवार सुबह लघु सचिवालय में वार्ड-13 के जिला परिषद सदस्य भगवान मेहरा, ग्राम पंचायत टिकली, ग्राम पंचायत अकलिमपुर, ग्राम पंचायत सकतपुर, ग्राम पंचायत गैरतपुर बास सहित अन्य गांव के लोग वहां पहुंचे। सभी का कहना है कि वे किसी धर्म के विरुद्ध नहीं हैं, लेकिन क्षेत्र की सामाजिक समरसता और नियमों के उल्लंघन को देखते हुए इस निर्माण को तुरंत रोका जाना चाहिए।
वरिष्ठ अधिवक्ता कुलभूषण का कहना है कि उपायुक्त अजय कुमार को सौंपे गए ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि यदि प्रशासन ने इस विषय पर त्वरित संज्ञान नहीं लिया, तो ग्रामीण आगामी रणनीति तैयार करेंगे। भगवान मेहरा ने कहा कि यह केवल एक गांव का मुद्दा नहीं है, बल्कि पूरे इलाके की भावनाओं से जुड़ा मामला है। हमने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात प्रशासन के सामने रख दी है। इस दौरान अनिल, सुरेंद्र तवंर, वेद प्रकाश, हर्ष यादव, जगदेव यादव, महा सिंह, सुभाष, करण सिंह सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।