सेक्टर-5 में ग्रीन बेल्ट पर हो रहा शौचालय निर्माण, पिछले दिनों लोगों के विरोध के कारण रुक गया था काम
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। नगर निगम के वार्ड संख्या-35 स्थित सेक्टर-5 में ग्रीन बेल्ट पर सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कार्य दोबारा शुरू हो जाने पर लोगों ने विरोध जताया है। लोगों ने मांग की है कि ग्रीन बेल्ट पर सार्वजनिक शौचालय का निर्माण अविलंब रोका जाए। इसके पहले लोगों ने ग्रीन बेल्ट पर शौचालय निर्माण के लिए पेड़ काटे जाने की शिकायत की थी। स्थानीय लोगों के विरोध के बाद निर्माण कार्य तब रुक गया था। इसको लेकर लोगों ने अप्रैल में निगमायुक्त और उपायुक्त से शिकायत की थी और सार्वजनिक शौचालय की जगह बदलने की मांग रखी थी।
सेक्टर के पूर्व आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिनेश वशिष्ठ ने बताया कि ग्रीन बेल्ट पर सार्वजनिक शौचालय के निर्माण से स्थानीय निवासियों को काफी असुविधा होगी। वे सड़क पर धरना प्रदर्शन के लिए मजबूर हो जाएंगे। स्वच्छ भारत अभियान के तहत स्थानीय पार्षद सेक्टर मार्केट और ग्रीन बेल्ट पर टॉयलेट बनवा रहे हैं। इलाके के निगम पार्षद को इलाके के लोगों ने पूरा बहुमत दिया, ऐसे में उनसे यह उम्मीद है कि ऐसा कोई कार्य नहीं कराए जिसमें लोगों को असुविधा हो। एक ओर ग्रीन बेल्ट से पेड़ काटे गए तो दूसरी और ऐसी जगह पब्लिक टॉयलेट बनाया जा रहा है, जहां पब्लिक टॉयलेट का औचित्य नहीं है। यहां सेक्टर का एंट्रेंस है और आस-पास लोगों के घर है। पब्लिक टॉयलेट हुडा ग्राउंड या किसी ऐसी जगह बनाया जाए जहां कार्यक्रम होते हैं और बाहर के लोगों की आवाजाही ज्यादा है।