मुख्यमंत्री उड़नदस्ते के साथ मिलकर पुलिस ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई में बालियावास गांव स्थित एक फार्म हाउस में बिना अनुमति हुक्का-बार पार्टी संचालन का भंडाफोड़ किया गया है। टीम ने फार्म हाउस में बृहस्पतिवार रात छापेमारी की।
इस दौरान 35 से ज्यादा लोग शराब और हुक्का का सेवन करते पाए गए। पुलिस टीम ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दिल्ली के पंजाबी बाग निवासी लोकेश अरोड़ा के रूप में हुई है। ग्वाल पहाड़ी चौकी में नियुक्त राकेश कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार रात को मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की तरफ से हेड कांस्टेबल अमित कुमार और एएसआई जितेंद्र कुमार ने सूचना दी कि बालियावास स्थित छाबड़ा फार्म हाउस में अवैध रूप से हुक्का और शराब परोसी जा रही है। टीम मौके पर पहुंची तो वहां पर संचालक लोकेश अरोड़ा मिला। मौके पर 35 से ज्यादा लोग मौजूद मिले। जिनको शराब और फ्लेवर हुक्का परोसा हुआ था। जब लोकेश से अनुमति के बारे में पूछा गया तो वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर पाया। फार्म हाउस से पांच हुक्का, छह फ्लेवर हुक्का और 25 बोतल शराब की मिली। टीम ने आरोपी लोकेश को गिरफ्तार कर लिया।