एक ही समय में 10 से 15 मिनट के अंतराल पर चल रही थी रोडवेज बसें
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। पटौदी-कोसली रूट पर एक ही समय में 10 से 15 मिनट के अंतराल पर चलने वाली पांच रोडवेज बसों का संचालन बंद किया गया है। निजी बस संचालकों द्वारा शिकायत करने पर आरटीए ने 21 सितंबर को गुरुग्राम डिपो प्रबंधन को पांचों रोडवेज बसों को रूट पर न भेजने के निर्देश दिए हैं। ऐसे में डिपो प्रबंधन ने गुरुग्राम बस अड्डा से पटौदी-कोसली रूट पर पांच बसों को नहीं भेजा है। अब इन बसों को अन्य रूटों पर भेजा जाएगा।
आरटीए के निर्देश पर डिपो प्रबंधन ने दाेपहर 1.22 बजे गुरुग्राम से पटौदी, दोपहर बाद 3.15 बजे, दोपहर बाद 3.45 बजे व शाम 4.10 बजे गुरुग्राम से कोसली जाने वाली बसें का संचालन बंद किया है। वहीं, शाम 5.27 बजे गुरुग्राम बस अड्डा से माच्छरौली गांव तक चलने वाली रोडवेज बस भी नहीं चलाई जाएगी। बताया जा रहा है कि उक्त रूटों पर इसी समय के 10 से 15 मिनट के अंतराल में एक-एक रोडवेज बस संचालित होती है। ऐसे में एक ही रूट पर जाने वाली दो-दो बसों में पर्याप्त सवारियां नहीं मिल पाती थी।
एक ही समय पर रूट पर जाने वाली रोडवेज बसों का संचालन बंद किया गया है। जल्द ही नई समय सारिणी बनाकर रूट पर बसों को संचालित किया जाएगा। - गायत्री अहलावत, महाप्रबंधक, गुरुग्राम बस डिपो।