गुरुग्राम। कॉलेजों में रिक्त सीटों को पूरा करने के लिए उच्च शिक्षा निदेशालय द्वारा कई प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में निदेशालय ने यूजी कोर्सों में दाखिला पाने का एक और मौका दिया है। विद्यार्थी शुक्रवार को कॉलेजों में जाकर दाखिला ले सकेंगे। शुक्रवार के बाद रिक्त सीटों पर दाखिला प्रक्रिया बंद कर दी जाएगी।
इस प्रक्रिया में सिर्फ उन्हीं विद्यार्थियों को शामिल किया जाएगा जो पूर्व में दाखिले के लिए आवेदन कर चुके हैं। वहीं, समय से दाखिला लेने से चूके ऐसे विद्यार्थी कॉलेजों में पहुंचकर ऑफलाइन दाखिला ले सकेंगे। उच्च शिक्षा निदेशालय के निर्देशानुसार 31 दिसंबर 2020 को कॉलेजों में स्नातक कोर्सों में दाखिला प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। हालांकि, बहुत से विद्यार्थियों ने मनपसंद कॉलेज नहीं मिलने पर दाखिला रद्द भी कराया है। ऐसे में अन्य विद्यार्थियों को उक्त सीटों पर दाखिला पाने का मौका दिया गया है।
राजकीय महिला महाविद्यालय की दाखिला नोडल अधिकारी ज्ञान देवी ने बताया कि दाखिला पाने वाले छात्रों को शुक्रवार सुबह कॉलेज में पहुंचना होगा।