पत्नी के परेशान करने पर कंपनी कर्मी ने लगाई थी फांसी
गुरुग्राम। दो माह पहले हरी नगर में घर के अंदर निजी कंपनी कर्मचारी के फांसी लगाकर आत्महत्या करने के मामले में मृतक के पिता ने उसकी पत्नी पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया। पीड़ित पिता के बयान के आधार पर सेक्टर-37 थाना पुलिस ने पत्नी मधु के खिलाफ मामला शुक्रवार को मामला दर्ज कर लिया। पुलिस के मुताबिक, अभी मामले की जांच की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, मूलरूप से नारनौल निवासी आकाश (25) निजी कंपनी में कार्यरत था। वह अपनी पत्नी के साथ हरीनगर में रहता था। 15 जून को उसके घर के अंदर कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के पास से पुलिस को कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद 174 की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया। इस मामले में मृतक के परिजनों ने पत्नी पर मानसिक तौर पर प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया। शुक्रवार को पुलिस ने पिता के बयान पर मामला दर्ज कर लिया।