गुरुग्राम। बिलासपुर में तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक को टक्कर मार दी। इस घटना में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना देखकर पास ही मौजूद एक होटल संचालक ने कैंटर चालक का करीब 300 मीटर तक पीछा भी किया, लेकिन चालक कैंटर को सड़क पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने होटल संचालक की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बिलासपुर खुर्द निवासी धर्मपाल ने बताया कि उसका बिलासपुर चौक पर होटल है। 27 अक्तूबर की रात करीब 10 बजे सर्विस रोड पर एक कैंटर तेज रफ्तार से आया, जिसने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना देखकर वह अपने होटल के स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। कैंटर चालक ने अपनी गाड़ी को धीमा किया जिसके बाद वह उसके पीछे भागे। करीब 300 मीटर आगे चालक ने गाड़ी को रोक दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग गया।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां एक युवक ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान गांव बलेवा निवासी धर्मेंद्र के रूप में हुई, जबकि साथी प्रीतम की हालत गंभीर है। पुलिस ने धर्मपाल की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।