पटौदी के शिव मंदिर इंछापुरी में श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
संवाद न्यूज एजेंसी
पटौदी। पटौदी के प्राचीन शिव मन्दिर इंछापुरी में सावन मास के आखिरी सोमवार को श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना की। विश्व हिंदू परिषद मानेसर के जिला अध्यक्ष राजेंद्र यादव के साथ अन्य श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। उन्होंने नूंह की हिंसा में मारे गए लोगों के परिवार वालों को आर्थिक सहायता नहीं दिए जाने पर खेद जताया और सरकार से मांग की कि एक करोड़ रुपये परिजनों को दिए जाने चाहिए।
पत्रकारों से बातचीत में राजेंद्र यादव ने कहा कि नूंह में नल्हड का मंदिर आस्था का केंद्र है। यहां पर 28 अगस्त को जलाभिषेक करने को लेकर पहले ही अवगत करा दिया था। इसके बाद भी जलाभिषेक करने की मंजूरी नहीं देना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि करीब डेढ़ सौ गांव ऐसे हैं जहां पर जनसंख्या के समीकरण पूरी तरह बदल गए हैं। सरकार इस विषय में कुछ नहीं सोच रही है। इस दौरान नल्हड़ में मारे गए लोगों के लिए एक मिनट का मौन रखा गया। इस मौके पर नरेंद्र पहाड़ी,संजीव जनौला, सतपाल चौहान, अनिल जनौला, सुभाष चौहान, श्री भगवान नम्बरदार, सूबेदार ओमप्रकाश, आशा देवी, पवन कुमार आदि मौजूद रहे।