- आरोपी दीपक यूपी लखनऊ का रहने वाला, 1.57 लाख की ठगी की थी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। पर्सनल लोन दिलाने के नाम पर 1.57 लाख रुपये की ठगी में एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी दीपक धनकानी यूपी लखनऊ का रहने वाला है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने इंस्टाग्राम पर विज्ञापन डाला था। शिकायतकर्ता ने विज्ञापन देखकर उसके पास कॉल व मैसेज किया तो आरोपी ने लोन दिलाने का झांसा दिया। आरोपी ने अलग-अलग चार्ज बताकर 1,57,560 रुपये ट्रांसफर करा लिए।पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी को 3 दिन के रिमांड पर लेकर साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम पूछताछ कर रही है।
ठगी की शिकायत भारत कॉलोनी निवासी महिला ने दी थी। जिसमें कहा गया कि 22 अगस्त को उन्होंने इंस्टा पर पर्सनल लोन से संबंधित एक विज्ञापन देखा। उसने विज्ञापन पर दिए गए मोबाइल नंबर पर विवरण भरा। इसके बाद आरोपी से संपर्क हुआ और उसने 10 लाख रुपये का पर्सनल लोन दिलाने का झांसा दिया। इसके लिए आरोपी ने प्रोसेसिंग चार्ज, सिक्योरिटी डिपॉजिट, स्टाम्प चार्ज समेत अन्य चार्ज के नाम पर 1,57,560 रुपये ट्रांसफर करा लिए। बाद में लोन की रकम खाते में नहीं आई तो ठगी का पता चला। साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए अब आरोपी को गिरफ्तार किया है।