घर में जल रहे दीपक के बिस्तर पर गिरने से लगी आग
हादसे के समय मां दूसरे बेटे को लेने गई थी उसके स्कूल
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-56 के घाटा गांव के एक मकान में लगी आग में झुलसने से डेढ़ साल के बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के दौरान घर पर बच्चा अकेला था और उसकी मां उसे बंद करके स्कूल से अपने बड़े बेटे को लेने गई थी। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम व पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य किया।
राजस्थान के भरतपुर का मूल निवासी सतीश कुमार अपने परिवार के साथ मौजूदा समय में गुरुग्राम के घाटा गांव में रहता है। वह हरिजन कॉलोनी में पहली मंजिल पर किराए पर रहता है। मंगलवार को सतीश कुमार अपने काम पर गया था। घर में उसकी पत्नी व डेढ़ साल का बच्चा मनोज था। जबकि बड़ा बेटा स्कूल गया हुआ था। नवरात्रि के चलते घर में माता की ज्योति जल रही थी।
इसी बीच मनोज की पत्नी अपने छोटे बेटे को कमरे में ही बंद करके बड़े बेटे काे लेने उसके स्कूल चली गई। महिला के अनुसार उस समय उसका छोटा बेटा बेड पर खेल रह था। इसी बीच जलता दीपक गिर जाने से कमरे में आग लग गई। कमरे से धुआं उठता देख आस पड़ोस के लोग वहां पहुंचे और दमकल विभाग को सूचना दी। लोगों ने आग पर काबू पाकर बच्चे को अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।