नूंह। इन दिनों किसानों की गेहूं की फसल पककर खेत में तैयार खड़ी है। जिसे लेकर किसान भी उत्साहित है। लेकिन आए दिन खेतों में लग रही आग किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें बढ़ा रही है। शुक्रवार को नूंह के पास दानीबास गांव में खलियान में रखी गेहूं की फसल में आग लगने का मामला सामने आया। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया।
किसान खालिद ने गेहूं की फसल की कटाई कर उससे गेहूं निकालने के लिए इक्कट्ठा किया हुआ था। शुक्रवार को इस अचानक आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने जलते हुई फसल को बचाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें उन्हें नजदीक जाने से रोक रही थी। इस पर किसानों ने पानी, रेत, हरी झाडियों का इस्तेमाल कर आग बुझाने का प्रयास किया, बाद में दमकल विभाग की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझाया। लेकिन तब तक किसान की फसल जलकर राख हो गई थी।
-
आए दिन हो रही घटनाएं
: शुक्रवार को दानीबास गांव में तो बृहस्पतिवार को घासेड़ा और बैंसी गांव में किसानों की फसल में आग लगने की घटनाएं हुई। इससे पहले फिरोजपुर झिरका के पाठखोरी, खेड़ला, उजीना, बीबीपुर समेत कई स्थानों पर किसानों की फसलें व अन्य सामान जलकर राख हुए है। एमडीए कार्यालय नूंह में एक कंडम गाड़ी में आग लग गई थी तो गुरुग्राम-अलवर मार्ग पर एक गाड़ी जलकर राख हो गई थी।