सुरक्षाकर्मी को बंधक बनाकर डकैती करने वाला गिरफ्तार
गुरुग्राम। सेक्टर-65 में निर्माणाधीन होटल साइट पर 26 फरवरी की रात हथियार के बल पर सुरक्षाकर्मियों को बंधक बनाकर डकैती करने वाले एक आरोपी को मंगलवार देर शाम पुलिस ने अदालत परिसर से काबू किया है। आरोपी की पहचान गांव बहरामपुर निवासी संदीप उर्फ सैंडी के रूप में हुई। बुधवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, गांव जोनियावास निवासी देश राज यादव ने बताया सेक्टर-65 में आइरियो कंपनी की होटल ग्रांड हयात के निर्माण का कार्य चल रहा है। इस साइट पर उनके श्रमिक काम कर रहे हैं। 26 फरवरी की रात करीब 1 बजे करीब 10 हथियारबंद बदमाश साइट पर पहुंचे और सुरक्षाकर्मियों को डराने लगे। उन्होंने यहां रखा करीब 35 हजार रुपये का सामान लूट लिया। आरोपियों ने लूट का सामान ले जाने के लिए गाड़ी साइट की दूसरी तरफ खड़ी की थी ताकि कोई गाड़ी का नंबर न नोट कर सके। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी थी। मामले की जांच अपराध शाखा सोहना को सौंपी गई। अपराध शाखा प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र रावल ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में कबूला है कि 13/14 मार्च की रात को उन्होंने सेक्टर-62 स्थित इंपीरिया माइंड स्पेस कंपनी की दीवार फांदकर अपने साथियों के साथ वहां सुरक्षाकर्मी को बंधक बना लिया था। कंपनी से नेशनल ग्रेनाइट का एल्युमिनियम टूल्स सहित अन्य सामान लेकर फरार हो गए थे। वारदातों में प्रयोग किए गए हथियार व अन्य साथियों को पुलिस पहले गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।