गुरुग्राम। अपराध शाखा सोहना की पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी हुईं आठ बाइक बरामद की हैं। आरोपी की पहचान नूंह के इंद्र गांव निवासी तेजपाल के रूप में हुई है। शनिवार को आरोपी अदालत में पेश करके जेल भेज दिया है।
शुक्रवार को आरोपी तेजपाल चोरी की बाइक पर सवार होकर जा रहा था। जब पुलिस टीम ने उसे नाकाबंदी करके रोकना चाहा तो उसने पुलिस से बचने के लिए बाइक को तेज भगा लिया और रोड पर साइड में बनी रेलिंग से टकरा गया व उसके पैर में चोट लग गई। पुलिस ने आरोपी को उपचार के लिए सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया और डिस्चार्ज होने के बाद शनिवार को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी तेजपाल ने गुरुग्राम से वाहन चोरी की सात अन्य वारदात के बारे में भी खुलासा किया। आरोपी रात के समय अपने साथियों के साथ मिलकर रेकी करता था और मौका लगते ही बाइक का लॉक तोड़कर चोरी कर लेता। आरोपी तेजपाल का आपराधिक रिकॉर्ड जांचने पर पता चला कि उस पर चोरी करने का नौ मामले पहले ही गुरुग्राम में दर्ज हैं। ब्यूरो