गुरुग्राम। बादशाहपुर में सड़क पार कर रही एक 60 वर्षीय महिला को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे महिला की अस्पताल जाने के दौरान मौत हो गई। बेटे की शिकायत पर बादशाहपुर थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, अभी तक चालक की पहचान नहीं हो पाई है।
मूलरूप से राजस्थान के गांव उगाई खेड़ा निवासी बद्रीलाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह परिवार के साथ सोहना चौक के समीप बनी झुग्गी में रहता है। बृहस्पतिवार को उनकी मां सुगनी (60) वाटिका चौक (बादशाहपुर) किसी काम से गई थीं। इसी दौरान सड़क पार करते समय उनकी मां को एक तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी और वाहन चालक फरार हो गया। घायल अवस्था में पुलिसकर्मी महिला को नजदीकी अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। जांच अधिकारी ने बताया कि मृतक के बेटे की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।