नगर निगम नई मास्टर सीवर लाइन डलवाने का टेंडर किया जारी
कई माह से सूरत नगर और राजेंद्रपार्क में सीवर की समस्या
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। पुराने शहर की कॉलोनियों में सीवर ओवरफ्लो की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी। इसके लिए नगर निगम की ओर से दो जगहों पर मास्टर सीवर लाइन डलवाई जाएगी। जबकि, अन्य कॉलोनियों में सीवर की सफाई होगी। इसके लिए नगर निगम ने टेंडर जारी कर दिया है।
पुराने शहर के राजेंद्रापार्क, सूरत नगर फेज-एक व दो, विष्णु गार्डन और टेकचंद नगर समेत अन्य जगहों पर सीवर की गंभीर समस्या है। इन जगहों पर करीब दो माह से लोग सीवर ओवरफ्लो से परेशान हैं और गलियों में सीवर का पानी जमा है। ऐसे में नगर निगम इसका स्थायी समाधान निकालने जा रहा है। इसके लिए धनवापुर चौक (बीकानेर स्वीट्स के पास) से एसटीपी तक सीवर लाइन का उन्नयन कराया जाना है। इसके लिए धनवापुर से राजेंद्र पार्क वार्ड-34 में नई लाइन डाली जाएगी। इस पर करीब 155.18 लाख रुपये खर्च होंगे।
दूसरा नगर निगम गोदरेज समिट के पास पेट्रोल पंप से धनवापुर गांव चौक तक 900 मिमी व्यास वाली सीवर लाइन का सुदृढ़ीकरण कराने जा रहा है। इससे सूरत नगर कॉलोनी और दौलताबाद क्षेत्र के सीवर के पानी की निकासी बेहतर हो सकेगी। इस पर करीब 680 लाख रुपये खर्च होंगे। इस क्षेत्र में कई हाईराइज सोसाइटी बस गई हैं, ऐसे में सीवर की लाइनों पर दबाव ज्यादा हो गया है। ऐसे में बड़ी क्षमता की लाइन डाली जाएगी। इसके अलावा खांडसा गांव वार्ड-9 में पंडितों वाली गली में 450 एमएम की सीवर लाइन बिछाने का कार्य कराया जाएगा। इस पर अनुमानित लागत 74.93 लाख रुपये है।
नगर निगम सुशांत लोक-III में बकेट मशीन से सीवर लाइनों की सफाई का कार्य कराएगा। इस पर अनुमानित लागत 32.63 लाख रुपये है। नगर निगम के चीफ इंजीनियर विजय ढाका ने बताया कि नई सीवर लाइन डलने से कई कॉलोनियों में लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि कई कार्याें का टेंडर जारी कर दिया है। कॉलोनियों में सीवर सफाई के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं।
इन जगहों पर विशेष ध्यान
सरस्वती एन्क्लेव, खांडसा, बसई, नाहरपुर रूपा, इंदिरा कॉलोनी, नरसिंहपुर, मोहम्मदपुर झाड़सा, बेगमपुर खटोला, मैदावास, नूरपुर मोड़, बादशाहपुर, न्यू कॉलोनी, देवीलाल कॉलोनी, भवानी एन्क्लेव, झाड़सा, इस्लामपुर, शिवाजी नगर, लक्ष्मी गार्डन, सेक्टर-40, राजीव कॉलोनी, सेक्टर-31, घाटा, बंधवाड़ी, बहरामपुर, चकरपुर, कन्हई में अधिक सीवर की समस्या है। इन कॉलोनियों में डिसिल्टिंग (गाद सफाई) का कार्य होगा।