प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने अधिकारियों को दिए निगरानी के आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने मंडी सीजन के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। इसका उद्देश्य मंडियों में चौबीसों घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना है। प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने सभी अधीक्षण अभियंताओं को व्यक्तिगत निगरानी के आदेश दिए हैं।
विक्रम सिंह ने कहा कि प्रत्येक मंडी में बिजली उपलब्ध रहनी चाहिए। उन्होंने उपमंडल अधिकारियों को मौके पर जाकर व्यवस्था का भौतिक निरीक्षण करने को कहा। उपमंडल अधिकारी मंडी सचिवों से सीधे बातचीत करेंगे। वे बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं की जानकारी प्राप्त करेंगे। किसी भी खराबी या व्यवधान का तत्काल समाधान कराया जाएगा। फील्ड अधिकारी सक्रिय रूप से स्थिति की निगरानी करेंगे। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित टीमों को तुरंत मौके पर भेजा जाएगा।
प्रबंध निदेशक ने अधीक्षण अभियंताओं को मंडियों की बिजली आपूर्ति पर निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंडी क्षेत्रों में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करते हुए तकनीकी खराबी में टीमें उपलब्ध कराएंगे। जनसंपर्क अधिकारी संजय चुघ ने बताया कि निर्बाध बिजली आपूर्ति सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए फील्ड स्तर से अधीक्षण अभियंता स्तर तक जवाबदेही तय की गई है।