-निजी बैंक में बैंकिंग ऑपरेशन प्रबंधक के पद पर तैनात था आरोपी
-वारदात के बाद छोड़ दी नौकरी
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। शहर के एक निजी बैंक में तैनात बैंकिंग ऑपरेशन मैनेजर ने ग्राहकों के भरोसे और बैंक की साख के साथ खिलवाड़ किया है। आरोपी अधिकारी ने बैंक के लॉकर में रखे ग्राहक के असली सोने के आभूषणों को नकली जेवरों से बदल दिया। शहर थाना पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जनवरी 2026 में सीएसबी बैंक की आंतरिक जांच के दौरान बलवीर सिंह के गोल्ड लोन पैकेट की जांच की गई। रिकॉर्ड में अगस्त 2025 में 37.50 ग्राम असली सोना गिरवी रखने की बात दर्ज थी। पैकेट खोलने पर उसमें 50.75 ग्राम नकली जेवर पाए गए। आंतरिक जांच में अलीगढ़ निवासी तत्कालीन ऑपरेशन मैनेजर सचिन कुमार की भूमिका संदिग्ध पाई गई। सीसीटीवी फुटेज में 29 अगस्त 2025 को वह बैंक से बाहर जाते और लौटते समय जेब में प्लास्टिक कवर लाते दिखाई दिया। इसके बाद उसने स्ट्रांग रूम में जाकर असली सोने के पैकेट को नकली जेवरों से बदल दिया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने बैंक नियमों का उल्लंघन करते हुए मेकर और चेकर दोनों की भूमिका खुद निभाई और दूसरे कर्मचारी की लॉगिन आईडी का दुरुपयोग किया। वारदात को अंजाम देने के अगले ही दिन उसने इस्तीफा दे दिया था, लेकिन बाद में शक से बचने के लिए इस्तीफा वापस ले लिया और फिर अक्टूबर 2025 में पूरी तरह बैंक छोड़ दिया। सीएसबी बैंक के शाखा प्रबंधक पुष्पेंद्र कुमार ने इस मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दी थी। पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा द्वारा की गई विस्तृत जांच के बाद, अब शहर थाना में सचिन कुमार के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। शहर थाना प्रभारी प्रकाश चंद ने कहा कि मामले की जांच जारी है।