गुरुग्राम। कोरोना संक्रमण के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन कोई भी कसर नहीं छोड़ना चाहता है। रोजाना नए-नए आदेश-निर्देश जारी किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अधिकारियों को दवाओं की सप्लाई, बेडों की स्थिति से लगाकर होम आइसोलेशन आदि पर नजर रखने के लिए अधिकारियों को अहम जिम्मेदारी दी गई है। रविवार को लिखित आदेश भी जारी कर दिया गया, जिसके तहत दो दर्जन से ज्यादा अधिकारियों की टीम को लगाया गया है।
इनमें शामिल अधिकारी कोरोना संक्रमण की तैयारियों का जायजा लेंगे और प्रशासन के आदेशों का क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे। इन टीमों में शामिल अधिकारी अस्पतालों में बेडों की स्थिति से लेकर दवाओं की सप्लाई व होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों तक पर नजर रखेंगे। आदेश के मुताबिक, मानेसर नगर निगम के आयुक्त मुनेश शर्मा को शासकीय स्वास्थ्य सेवाओं, बेड व वेंटिलेटर समेत अस्पतालों के देखरेख की जिम्मेदारी दी गई है।
अनुशिओकंद व मनीषा शर्मा को इनका सहायक बनाया गया है। वहीं, एचएसवीपी के प्रशासक जीतेंद्र यादव को कांटेक्ट ट्रेसिंग, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व रैपिड रिस्पांस टीम के कार्यों व हाई रिस्क जोन में कोरोना जांच का जिम्मा सौंपा गया है। विकास ढांडा को इनका सहायक बनाया गया है। इसके अलावा गुरुग्राम संभागायुक्त की ओएसडी अंजू चौधरी, कुलबीर ढाका, जसप्रीत कौर, आशीष सिंगला, प्रशांत पवार, सुरेंद्र सिंह, हरिओम अत्री, हितेश मीणा और सुखबीर सिवाच को भी लगाया गया है।