चेयरमैन ने ओएसबी समूह के मालिक को 26 को उपस्थित होने के लिए कहा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। ओशियन सेवन बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड के खरीदार सोमवार को हरेरा के चेयरमैन अरुण कुमार से मिले। इस दौरान बड़ी संख्या में खरीदारों ने हरेरा के ऑफिस पहुंचकर अपनी मांगों के समर्थन प्रदर्शन भी किया। चेयरमैन ने ओएसबी समूह के मालिक को 26 फरवरी को उपस्थित होने के लिए कहा है।
अफोर्डेबल ग्रुप हाउसिंग के तहत बिल्डर के तीन प्रोजेक्ट चल रहे हैं। इन तीन साइटों के लोग हरेरा ऑफिस (हरियाणा रियल एस्टेट नियामक प्राधिकरण) पहुंचे। इनमें ओशियन सेवन बिल्डटेक के ओएसबी एक्सप्रेसवे टावर्स, सेक्टर 69 स्थित गोल्फ हाइट्स और सेक्टर 70 स्थित द वेनेशियन, सेक्टर-109 स्थित ओएसबी एक्सप्रेसवे टावर्स का निर्माण कार्य पूरा हो जाना चाहिए था, लेकिन अभी तक इन परियोजनाओं में काम तक पूरा नहीं हुआ है। लोगों ने बताया कि बिल्डर लगातार काम में देरी कर रहा है। इससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उनका कहना है कि बिल्डर उनकी मांगों को लेकर गंभीर नहीं है। लोगों ने हरेरा चेयरमैन से इस मामले को गंभीरता से देखने को कहा। इसके बाद लोगों ने विरोध प्रदर्शन कर अपना आक्रोश जाहिर किया। चेयरमैन ने कहा कि परियोजना को स्वयं देखेंगे। प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए स्ट्रक्चरल डिटेल्स प्रस्तुत करने को भी कहा है। बायर्स ने कहा कि बिल्डर का दावा हैं कि व्यावसायिक हिस्से को बेचकर फंड जुटाएगा और आवासीय हिस्से में इसे लगाएगा। हरेरा की तरफ से इससे संबंधित हर प्रमाण पत्र साझा करने के आदेश भी दिए गए हैं। इस दौरान बिल्डर को सेक्टर 68 और 70ए प्रोजेक्ट के फ्लैटों की निरस्त सूची हरेरा के सामने पेश करनी होगी।