छह आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज, पहले भी दर्ज कराई थी शिकायत पर नहीं हुआ समाधान
संवाद न्यूज एजेंसी
तावडू। जिले के रोजका मेव थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती के फोटो के साथ छेड़छाड़ कर उसे सोशल मीडिया पर अश्लील तरीके से वायरल करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, आरोप है कि आरोपी युवक ने पीड़िता के फोटो को एडिट कर, उस पर आपत्तिजनक मैसेज लिखकर विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया। आरोपियों ने करीब दो साल पहले से यह हरकतें करनी शुरू की थीं। पीड़िता के परिवार का कहना है कि आरोपियों ने न केवल फोटो वायरल किए बल्कि उसे अश्लील संदेश भेजकर भी मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। इस मामले में पीड़िता के परिजनों ने पहले थाना रोजका मेव में शिकायत दी थी, लेकिन कार्रवाई न होने पर मामला अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, दक्षिण रेंज रेवाड़ी के संज्ञान में लाया गया। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारियों के निर्देश पर थाना रोजका मेव पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपियों में गांव के ही निवासी शामिल हैं। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता व भारत न्याय संहिता के तहत केस दर्ज किया गया है जबकि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।