गुरुग्राम। कोरोना संक्रमण का प्रकोप कम होते ही जिले में कोविड जांच की संख्या में कमी नजर आने लगी है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़े इस बात को पुष्ट कर रहे हैं। संक्रमण के चरम पर रहने के दौरान मई की शुरुआती 10 दिनों में रोजाना 12,547 लोगों से नमूने लिए गए, तो अंतिम 10 दिनों के दौरान इनकी संख्या कम होकर 7007 पर आ गई। ऐसी ही स्थिति रही तो आगामी दिनों में यह आंकड़ा और भी कम होगा।
संक्रमण का प्रकोप कम होने व मरीजों का रिकवरी रेट बढ़ने के साथ ही जांच को लेकर ढिलाई भी की जाने लगी है। सच्चाई यह भी है कि स्थिति में सुधार होता देख अब लोग भी जांच से कतराने लगे हैं और जांच के लिए कम संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। अब जिनकी स्थिति ज्यादा गंभीर है सिर्फ वही जांच के लिए जा रहे हैं। नतीजा यह है कि जांच का आंकड़ा क्रमवार घटता जा रहा है। मई के शुरुआती 10 दिनों में रोजाना औसतन 12,547 लोगों की कोरोना जांच की जा रही थी, तो अगले 10 दिनों में यह संख्या कम होकर 9725 रह गई। वहीं, 21 से 30 मई के बीच अगले 10 दिन में यह आंकड़ा और कम होकर महज 7007 पर आ गया।
इस तरह से घटी जांच की संख्या
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक 20 से 30 अप्रैल के बीच 10 दिनों में रोजाना औसतन 11436 जांच के हिसाब से कुल 1 लाख 14 हजार 369 लोगों की जांच की गई। वहीं, मई के शुरूआती 10 दिनों में रोजाना 12547 जांच के हिसाब से कुल 1 लाख 25 हजार 470 लोगों से जांच के लिए नमूने लिए गए। इसके बाद संक्रमण का असर कम होने लगा, तो जांच को लेकर भी ढिलाई बरती गई और 10 मई के बाद यह आंकड़ा कम होकर 9725 पर आ गया। वहीं, कुल जांच का आंकड़ा 97,255 पर आ गया। अगले 10 दिनों में यह संख्या और घटी और कुल 70,070 नमूने लिए गए और औसत जांच का आंकड़ा कम होकर 7007 पर आ गया।