गुरुवार को पुलिस आयुक्त कला रामचंद्रन ने नूंह हिंसा से जुड़े मामले में अब तक की गई पुलिस कार्रवाई का ब्यौरा दिया। उन्होंने बताया कि बीती 31 जुलाई को नूंह में शोभा यात्रा पर हुए हमले के बाद शहर में विभिन्न स्थानों पर पथराव और आगजनी के साथ ही मौलवी की हत्या के मामले में पुलिस ने 37 मामले दर्ज किए।
इसके साथ ही 31 जुलाई को गुरुग्राम से भेजी गई पुलिस फोर्स पर हमले में छह पुलिसकर्मी घायल हुए थे। उसमें से दो पुलिसकर्मियों का अभी उपचार चल रहा है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि पुलिस सोशल मीडिया पर भी नजर बनाए हुए है। कई सोशल मीडिया अकाउंट पर आपत्तिजनक सामग्री मिलने पर मामला दर्ज कर अकाउंट ब्लॉक किए गए। उन अकाउंट को बंद कराने के लिए भी लिख दिया गया है।
प्रदीप शर्मा की हत्याकांड की चल रही जांच
31 जुलाई को नूंह से रात साढ़े दस बजे कार से लौट रहे बजरंग दल बादशाहपुर मंडल संयोजक प्रदीप शर्मा की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या के मामले में आम आदमी पार्टी के नेता जावेद को अज्ञात के साथ नामजद किया गया है। इस मामले में जांच चल रही है। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के हिसाब से कार्रवाई की जाएगी।