- मरीजों की बढ़ती भीड़ को देखकर लिया गया फैसला
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर 10 स्थित नागरिक अस्पताल में मरीजों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए ओपीडी का समय एक घंटे बढ़ा दिया गया है। अब मरीज सुबह 7:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक ओपीडी कार्ड बनवा सकेंगे। इससे मरीजों को बड़ी राहत मिली है, खासकर उन लोगों को जो सुबह जल्दी अस्पताल नहीं पहुंच पाते थे। अब सोमवार से शनिवार को दोपहर 2 बजे तक नया कार्ड बनवा सकेंगे।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से रोजाना 2,700 से 3,000 मरीज ओपीडी में पहुंच रहे हैं। सोमवार को 2,761, मंगलवार को 2,316 मरीज अस्पताल की ओपीडी में पहुंचे। सबसे अधिक वायरल बुखार के मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं, जिनकी संख्या लगभग 500 रही। इसके अलावा डायरिया, त्वचा संक्रमण और आंखों में संक्रमण के मामलों में भी बढ़ोतरी देखी गई है।
अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टरों का कहना है कि मौसम परिवर्तन के चलते वायरल बीमारियों के मामले बढ़े हैं। ओपीडी समय बढ़ने से मरीजों को इलाज में सुविधा मिलेगी और भीड़ का दबाव भी कुछ कम होगा। अस्पताल प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और स्वास्थ्य संबंधी लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराने की अपील की है।
अस्पताल में दूर-दराज इलाकों से इलाज के लिए मरीज आते हैं। भीड़ को देखते हुए उच्चाधिकारियों की ओर से अस्पताल में पर्चा बनवाने के लिए समय में बढ़ोतरी की गई है। -
डॉ. अलका सिंह, सीएमओ