पहले चिह्नित की गई भांगरोला की 9.20 एकड़ जमीन उपयुक्त नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। मानेसर में बस डिपो निर्माण के लिए अब दूसरी जमीन ढूंढी जाएगी। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) को आईएमटी मानेसर में 9.20 एकड़ जमीन बस डिपो के लिए मिली थी लेकिन डिपो तक जाने वाली रोड संकरी होने से योजना सिरे नहीं चढ़ पा रही है।
जीएमडीए की आईएमटी मानेसर में बस डिपो निर्माण की योजना है। इसके लिए एम-12ए (भागरौला गांव) में करीब 9.20 एकड़ जमीन मिली थी। हालांकि यह जमीन मेन रोड से दूर है, यदि मॉल बनाना होगा तो सड़क को चौड़ा करने की जरूरत होगी। इसके लिए जमीन का अधिग्रहण करना होगा। ऐसे में जीएमडीए की बस डिपो बनवाने की सिरे नहीं चढ़ पा रही है। जीएमडीए ने इसकी फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार कराई थी, इसमें बताया गया कि परियोजना साइट तक पहुुंचने वाली रोड कम चौड़ी है। ऐसे में पीपीपी मोड के लिए उपयुक्त नहीं है। अब जीएमडीए अन्य जमीन की तलाश कर रहा है। इसके लिए हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एचएसआईआईडीसी) को भी बस डिपो के लिए जमीन उपलब्ध कराने को कहा गया है। जीएमडीए मोबिलिटी डिवीजन के महाप्रबंधक कर्नल आरडी सिंघल ने कहा कि आईएमटी मानेसर बहुत बड़ा औद्योगिक क्षेत्र है। यहां पर कई देशी-विदेशी कंपनियों के प्लांट हैं। यहां पर 150 बसों की क्षमता का बस डिपो बनवाया जाना है।
41.89 करोड़ रुपये जीएमडीए नगर निगम को देगा
जीएमडीए सिटी बस डिपो-कम-टर्मिनल के लिए सेक्टर 103 गांव दौलताबाद में 7.251 एकड़ जमीन लेने जा रहा है। इस जमीन के लिए कलेक्टर दर पर 41.89 करोड़ रुपये जीएमडीए नगर निगम को देगा। यहां से एयरपोर्ट व न्यू सेक्टरों में बसें संचालित होंगी। इस मामले को जीएमडीए बोर्ड बैठक से मंजूरी मिल चुकी है। नगर निगम को उच्चाधिकारियों को इस बारे में पत्र जारी करना है। गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन सिटी बस लिमिटेड की ओर से शहर में गुरुगमन नाम से सिटी बस सेवा का संचालन किया जा रहा है।