गुरुग्राम। जिले में कोरोना के मामलों में प्रतिदिन बढ़ोतरी हो रही है। इसके बावजूद हॉट स्पॉट जोन की संख्या में बढ़ोतरी होने के बजाए कमी आ गई है। 123 हॉट स्पॉट जोन में से 97 जोन रह गए हैं।
जिला प्रशासन ने मंगलवार को कोरोना के सामने आ रहे मामलों के मद्देनजर हॉट स्पॉट जोन की समीक्षा की। इस दौरान पटौदी एवं फर्रुखनगर ब्लाक को हॉट स्पॉट जोन से मुक्त कर दिया। फर्रुखनगर ब्लाक में दो और पटौदी ब्लाक में एक हॉट स्पॉट जोन था, वहीं सोहना ब्लाक में अभी भी पहले की तरह एक ही हॉट स्पॉट जोन है, जबकि गुरुग्राम ब्लाक में 96 हॉट स्पॉट जोन रह गए हैं। इस ब्लाक में गत सप्ताह 119 हॉट स्पॉट जोन बनाए गए थे।
प्रशासन ने हॉट स्पॉट जोन की संख्या कम होने के पीछे तर्क दिया है कि पहले की तरह इस सप्ताह समस्त हॉट स्पॉट जोन में कोरोना के मामले सामने नहीं आए हैं, बल्कि अब कुछ ही इलाकों में कोरोना के मामले प्रकाश में आए हैं। इस कारण जिन इलाकों में कोरोना के मामले नहीं आए है उन्हें हॉट स्पॉट जोन से मुक्त कर दिया है।
प्रशासन ने हॉट स्पॉट जोन बनाए गए इलाकों में 14 दिन तक बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगाई है। इस तरह प्रभावित इलाकों के लोग भी 14 दिन तक अपनी गली से बाहर नहीं आ सकेंगे। उनकी गलियों को बल्ली लगाकर सील किया गया है।