किडनी कांड में नए-नए खुलासे हो रहे हैं। अब अस्पताल के समन्वयक ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। वहीं, किडनी ट्रांसप्लांट करने वाले फोर्टिस अस्पताल के तीन डॉक्टरों को नोटिस दिया गया है।
किडनी कांड में हो रहे खुलासे के बाद जयपुर के फोर्टिस अस्पताल पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। मामले की जांच कर रही पुलिस की एक टीम ने किडनी ट्रांसप्लांट करने वाले पैनल के तीन डाक्टरों को नोटिस दिया है।
विज्ञापन
किडनी कांड की जांच कर रही सदर थाने की पुलिस टीम ने जिन दो लोगों का 164 का बयान दर्ज कराया है। उसमें खुलासा हुआ है कि उन्होंने पहले मुर्तुजा अंसारी से बात की और बाद में उनकी फोर्टिस अस्पताल के लोगों से भी बात कराई गई थी।
इतने बड़े अस्पताल में उनका ट्रांसप्लांट कराने की तसल्ली के बाद उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और मुर्तुजा अंसारी को पैसे दिए थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार सदर थाने की एक टीम जयपुर के फोर्टिस अस्पताल गई है।
विज्ञापन
जिनकी ओर से ट्रांसप्लांट करने वाले पैनल के तीन डॉक्टरों को नोटिस देकर जांच में शामिल होने के लिए बुलाया गया है। गुरुग्राम पुलिस किडनी कांड के पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में लगी है। पुलिस राजस्थान में एनओसी देने में की गई हेराफेरी संबंधी बातों को रखकर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।
रिमांड पर हैं आरोपी
जयपुर एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने 35 हजार रुपये में किडनी ट्रांसप्लांट के लिए एनओसी देने वाले बाबू गौरव सिंह को गिरफ्तार किया। उसके बाद जयपुर पुलिस ने जयपुर के हार्ट के ईएचसीसी अस्पताल के समन्वयक अनिल जोशी को रिमांड पर लिया। अस्पताल के समन्वयक ने राजस्थान एंटी करप्शन ब्यूरो के सामने कई राज उगले हैं।
छानबीन के बाद पुलिस ने फोर्टिस अस्पताल के समन्वयक विनोद सिंह को गिरफ्तार किया है। जो आठ अप्रैल तक एसीबी के पास रिमांड पर है। उसकी ओर से मास्टर माइंड के बारे में पूरा खुलासा हुआ है। गुरुग्राम पुलिस के साथ ही जयपुर की एसीबी मुर्तुजा अंसारी की तलाश कर रही है।
मास्टर माइंड की तलाश में दिल्ली, गुरुग्राम सहित अन्य स्थानों पर छापे
अंतरराष्ट्रीय किडनी कांड के खुलासे के तीन दिन बाद भी मास्टर माइंड मुर्तुजा अंसारी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस ने उसे दबोचने के लिए अलग-अलग पांच टीमें लगा रखी हैं। उसकी कुंडली खंगालने के लिए पुलिस की एक टीम रांची में रविवार की देर शाम उसके घर पहुंची । जहां पर उसके जानकारों से उसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
किडनी कांड के मास्टर माइंड मुर्तुजा अंसारी को जयपुर पुलिस तलाश रही है। उसके साथ ही सदर थाना क्षेत्र में तीन दिन पहले दर्ज मामले में अब तक पुलिस के हाथ खाली है। पुलिस की पांच अलग-अलग टीमें उसे दबोचने का प्रयास कर रही हैं।
फर्जी तरीके से ट्रांसप्लांट की एनओसी जारी करने के मामले में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसमें फोर्टिस अस्पताल का समन्वयक भी शामिल है। इनसे मिली लीड पर आगे जांच चल रही है। - भूपेन्द्र कुमार, एडिशनल एसपी एसीबी जयपुर
किडनी ट्रांस प्लांट कराने वाले लोगों के बयान दर्ज कराए जा रहे हैं। उनके ट्रांसप्लांट के पैनल में रहने वाले डाक्टरों को पुलिस ने नोटिस जारी किया है। - कपिल अहलावत एसीपी सदर, गुरुग्राम। ,