तावडू। जिला शिक्षा विभाग ने गैर मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए तावड़ू में 20 ऐसे स्कूलों को तुरंत बंद करने का नोटिस जारी किया है।
खंड शिक्षा अधिकारी विजय प्रतीक धनखड़ ने बताया कि इन स्कूलों के पास मान्यता या अनुमति संबंधी कोई दस्तावेज नहीं हैं, जो हरियाणा विद्यालय शिक्षा नियमावली का उल्लंघन है।
धनखड़ ने कहा कि गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों का संचालन कानूनी अपराध है और ऐसे स्कूलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को केवल सरकारी या मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों में ही दाखिल कराएं, ताकि उनके भविष्य को खतरा न हो।
मंगलवार को धनखड़ ने अपनी टीम के साथ बिस्सर अकबरपुर और मोहम्मदपुर अहिर के दो निजी स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण हाल ही में मिली शिकायतों के आधार पर किया गया, जिसमें निजी स्कूलों द्वारा महंगी किताबें और यूनीफॉर्म बेचने की बात सामने आई थी। निरीक्षण के दौरान कोई अनियमितता नहीं पाई गई, लेकिन स्कूल संचालकों को चेतावनी दी गई कि भविष्य में ऐसी शिकायतें मिलने पर सख्त कार्रवाई होगी।