- नगर निगम गुरुग्राम द्वारा गठित बीडब्ल्यूजी मॉनिटरिंग सेल ने की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम के चारों जोन के लिए गठित बीडब्ल्यूजी मॉनिटरिंग सेल ने पिछले एक सप्ताह में कार्रवाई को तेज करते हुए ठोस कचरा प्रबंधन नियमों की पालना नहीं करने वाले 52 बीडब्ल्यूजी को नोटिस जारी किए गए हैं।
इस बारे में जानकारी देते हुए नगर निगम गुरुग्राम के अतिरिक्त आयुक्त डाॅ. बलप्रीत सिंह ने बताया कि नगर निगम सीमा में स्थित सभी बल्क वेस्ट जनरेटरों को उनके यहां से उत्पन्न होने वाले कचरे को अपने परिसर में ही निस्तारण करना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि बल्क वेस्ट जनरेटरों की जांच करने तथा कचरा प्रबंधन नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम गुरुग्राम द्वारा बीडब्ल्यूजी मॉनिटरिंग सेल का गठन किया गया है। सेल ने गत एक सप्ताह में 70 बीडब्ल्यूजी का निरीक्षण किया, जिनमें से नियमों की पालना नहीं करने पर 52 बीडब्ल्यूजी को नोटिस जारी किए गए हैं। इसके साथ ही नगर निगम द्वारा संचालित ऑनलाईन पोर्टल पर 27 नए बीडब्ल्यूजी का पंजीकरण भी सेल द्वारा करवाया गया है। पोर्टल पर अब तक 248 बीडब्ल्यूजी पंजीकृत हो चुके हैं।