प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी ने जीएमआरएल के कार्याें की समीक्षा की
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी ने शुक्रवार को जीएमआएल के कार्याें की समीक्षा की। इसमें साइबर सिटी एनसीआरटीसी और ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के स्टेशन निर्माण के लिए जगह पर फैसला नहीं हो सका है।
प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी दोपहर में गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड के डीएलएफ टू कार्यालय में बैठक की। इसमें ढेसी ने ओल्ड मेट्रो परियोजना के बारे में विस्तृत जानकारी ली। जीएमआरएल के अधिकारियों ने बताया कि उन्हें हर विभाग से सहयोग मिल रहा है। इस दौरान यातायात डावर्जन, जमीन और सीवर-पानी समेत अन्य जनसुविधाएं शिफ्ट करने पर चर्चा की गई। जीएमआरएल ने बताया कि पहले चरण के निर्माण के लिए ठेका देने के लिए कंपनियों के आवेदनों की जांच की जा रही है और जल्द एक एजेंसी का चयन कर लिया है। डीएस ढेसी ने रैपिड मेट्रो के संचालन संबंधी जानकारी ली।
इस दौरान प्रधान सलाहकार ने जीएमआएल और एनसीआरटीसी के अधिकारियों के साथ साइबर सिटी में प्रस्तावित स्टेशन पर चर्चा हुई। हालांकि एनसीआरटीसी की ओर से वरिष्ठ अधिकारी नहीं आने से नमो भारत और मेट्रो स्टेशन के लिए जगह संबंधी विवाद हल नहीं हो सका है। अब इस पर दोबारा चर्चा होगी। बता दें कि साइबर सिटी में नमो भारत और गुरुग्राम मेट्रो का स्टेशन बनना है। ऐसे में यहां पर ज्यादा भीड़ होने की संभावना है। ऐसे में जगह को लेकर पेंच फंसा हुआ है। एनसीआरटीसी और जीएमआरएल समेत अन्य विभागों को साइबर सिटी स्टेशन को लेकर फैसला करना है। हालांकि यहां पर पहले से रैपिड मेट्रो का स्टेशन बना हुआ है। अब तीनों के स्टेशनों को इस प्रकार डिजाइन किया जाना है कि यात्रियों को परेशानी न हो। एचएसआईआईडीसी भवन के पास नमो भारत का स्टेशन प्रस्तावित है। यहां पर ट्रैफिक अधिक होने से भीड़ रहती है। ऐसे में एचएसआईआईडी से एनसीआरटीसी को ट्रैफिक प्लान देखकर स्टेशन के लिए जगह तय करने को कहा गया है। दूसरी ओर गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड का भी साइबर सिटी में स्टेशन बनना है। जीएमआरएल स्टेशन के लिए जगह तय करना चाहता है, जिससे उसकी डिजाइन तैयार कराई जाए। नमो भारत का साइबर सिटी स्टेशन अंडरग्राउंड होगा। यहां पर रैपिड मेट्रो और गुरुग्राम मेट्रो भी मिलेंगी। ऐसे में यह एक बड़ा जंक्शन होगा।
हाईवे से जाएगी नमो भारत
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने दिल्ली-गुरुग्राम-बहरोड नमो भारत कॉरिडोर में आने वाले स्टेशनों के लिए जमीन संबंधी औपचारिकताओं को पूरा करने में लगा हुआ है। दिल्ली (सराय काले खां) और एसएनबी (शाहजहांपुर-नीमराना-बहरोड़ कॉम्प्लेक्स) के बीच आरआरटीएस कॉरिडोर (जिसे अब नमो भारत कहा जाता है) पर काम होना है। नमो भारत दिल्ली से सराय काले खां से भूमिगत आईएनए और मुनिरका से होते हुए एरो सिटी पहुंचेगी। एरो सिटी से नमो भारत एनएच-48 के साथ साइबर सिटी पहुंचेगी। इसके बाद इफ्को चौक से राजीव चौक होते हुए मानेसर से होते हुए आगे निकल जाएगी। एनसीआरटीसी संभावित स्टेशनों के लिए जमीन संबंधी औपचारिकताओं को पूरा करने में लगा हुआ है।