सेक्टर-54 में एक अपार्टमेंट में ठहराया हुआ था विदेशियों को
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-54 के एक अपार्टमेंट में बिना सी फाॅर्म भरे विदेशी नागरिकों को ठहराने पर पुलिस ने संचालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि बिना अनुमति के विभिन्न देशों के नागरिक ठहरे हुए हैं। एएसआई विनोद की शिकायत पर संचालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
एएसआई विनोद ने बताया कि वह टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली थी कि सेक्टर-54 के ट्रेवर्ट अपार्टमेंट में बिना सी फाॅर्म भरे विदेशी नागरिकों को ठहराया जा रहा है। उन्होंने मौके पर पहुंचकर जब रजिस्टर की जांच की तो पता चला कि सूडान, युगांडा और केन्या के नौ नागरिकों को यहां ठहराया हुआ है। काउंटर पर बैठे मैनेजर महेंद्रगढ़ निवासी सुनील से पुलिस ने सी-फाॅर्म के बारे में पूछताछ की तो उसने बताया कि उनकी तरफ से सी फाॅर्म नहीं भरा गया है। गेस्ट हाउस राजस्थान के झुंझुनू के राघवेंद्र शर्मा संचालित करते हैं। इस पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाने में विदेशी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।