नोएडा (संवाद)। सेक्टर-62 स्थित वैदिक प्रचार संस्थान के विनायक व कार्तिकेय मंदिर में रविवार से नौ दिवसीय गोलू उत्सव शुरू हुआ। दक्षिण भारत की इस पारंपरिक पूजा पद्धति के तहत मंदिर परिसर में सात पायदानों पर 100 से अधिक देवी-देवताओं की मूर्तियां सजाई गई हैं। ये मूर्तियां विशेष रूप से तमिलनाडु से लाई गई हैं। नवरात्र के दौरान श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर मूर्तियों के दर्शन कर रहे हैं।
दक्षिण भारत में गोलू उत्सव के दौरान देवी-देवताओं की मूर्तियों को पांच, सात या नौ पायदानों पर सजाने की परंपरा है। इस परंपरा को आगे बढ़ाने और नई पीढ़ी को इससे परिचित कराने के उद्देश्य से मंदिर में हर वर्ष गोलू उत्सव आयोजित किया जाता है। मंदिर के पुजारी मणिकंदन शर्मा और मोहित मिश्रा नौ दिनों तक प्रतिदिन देवी महात्म्य का पाठ करेंगे।