संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखनगर। कैम्ब्रिज इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, फर्रुखनगर के छात्र निखिल ने 59वीं हरियाणा स्टेट स्कूल गेम्स की वुशु प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। गांव खेड़ा झांझरोला निवासी विनोद के पुत्र निखिल ने 90 किलोग्राम भारवर्ग में यह उपलब्धि हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
निखिल ने प्रतियोगिता के शुरुआती मुकाबलों में करनाल के रितिक चौधरी, यमुनानगर के जसविंदर, सोनीपत के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी लक्ष्य और कैथल के पवन को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में उनका मुकाबला चरखी दादरी के इरफान खान से हुआ। कड़े मुकाबले में निखिल एक अंक के अंतर से हार गए और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। विद्यालय की एमडी डॉ. सुचेता ठक्कर और चेयरमैन डॉ. राजेश ठक्कर ने निखिल को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए निरंतर प्रोत्साहित किया जाता है।